रूस की यूक्रेन पर जीत के बाद ही खत्म होगा युद्ध, अगले वर्ष तक भी रह सकता है जारी: बोरिस जानसन
ब्रिटेन के पीएम बोरिस जानसन का कहना है कि रूस और यूक्रेन की जंग अगले वर्ष तक भी जारी रह सकती है। उनकी निगाह में इस युद्ध का अंत केवल रूस की जीत के बाद ही होगा
अपने भारत यात्रा के दौरान हैदराबाद हाउस में उन्होंने पत्रकारों के पूछे गए सवालों का बड़ी बेबाकी से जवाब दिया।
रूस और यूक्रेन युद्ध पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि ये एक सच्चाई है कि राष्ट्रपति पुतिन के पास एक विशाल फौज है। यही वजह है कि रूस इतने दिनों से इस जंग को जारी रखे हुए हैं।
अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि इन दोनों के बीच की ये जंग अगले वर्ष तक भी जा सकती है। यदि उससे पहले रूस इस जंग को जीत लेता है तो ये खत्म भी हो सकती है। लेकिन, रूस का इसमें अंतिम लक्ष्य केवल जीत ही है।
रूस और यूक्रेन युद्ध पर नजरिए की बात करें तो भारत चाहता है कि विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। भारत पहले से ही इस बात को कहता आया है कि विवाद को सुलझाने के दौरान दोनों देशों की संप्रभुता और हितों का भी ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है।
रूस के खिलाफ यूएनएससी और संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्तावों में ब्रिटेन ने अपना समर्थन दिया था। वहीं भारत की बात करें तो यूएनएससी और संयुक्त राष्ट्र महासभा में लाए गए प्रस्तावों के दौरान हुई वोटिंग में उसने हिस्सा नहीं लिया था।